बेतिया , जुलाई 11 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र के चौबे टोला में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मृतका की पहचान चौबे टोला निवासी रणधीर साह की पत्नी माधुरी देवी (25) के रूप में हुई है। उसका मायका शिकारपुर थाना क्षेत्र के बनवरिया गांव में है। वर्ष 2016 में उसकी शादी हुई थी। मृतका का पति उत्तराखंड में मजदूरी करता है।

मृतका के पिता अशोक साह ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर रिश्तेदारों ने फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर वह बेटी के ससुराल पहुंचे, जहां उसका शव कमरे में जमीन पर पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या की गई है।

अशोक साह ने इस मामले में मृतका के पति, सास, ससुर तथा अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित