बेतिया , अगस्त 26 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि बुधवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि चौतरवा की ओर से तीन संदिग्ध युवक पल्सर बाइक से लौरिया की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर चटकल चौक के समीप वाहन जांच शुरू की गयी। इसी दौरान नवलपुर जाने वाली सड़क पर खाप टोला के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक को रोककर उस पर सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
श्री पासवान ने बताया कि तलाशी के दौरान जैनी टोला, बथुआरिया निवासी महफूज आलम के पास से कमर में छिपाकर रखा हुआ एक देशी कट्टा और कारतूस बरामद किया गया हैं।वहीं मोती टोला, चौतरवा निवासी सैफ आलम तथा अरविंद कुमार के पास से एक ड्रैगन चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं।
पुलिस ने तीनों युवकों के कब्जे से पल्सर बाइक भी जब्त कर ली है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। हालांकि, हथियार लेकर लौरिया पहुंचने के वास्तविक उद्देश्य का पता पूछताछ और जांच के बाद ही चल सकेगा।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले में आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित