नयी दिल्ली , मार्च 27 -- भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने पश्चिम एशिया से विभिन्न भारतीय शहरों के लिए शनिवार को नियमित और विशेष उड़ानों की घोषणा की है।
एयर इंडिया ने अपनी सहायक विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ मिलकर 28 मार्च को कुल 36 उड़ानों (आने-जाने की मिलाकर) के परिचालन की जानकारी दी है। इनमें 18 नियमित और इतनी ही विशेष उड़ानें शामिल होंगी।
नियमित उड़ानों में एयर इंडिया की सऊदी अरब के जेद्दा से दिल्ली और मुंबई के लिए एक-एक उड़ान तथा रियाद से दोनों भारतीय शहरों के लिए एक-एक उड़ान उपलब्ध होगी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस जेद्दा से हैदराबाद, रियाद से कोझिकोड़ और ओमान की राजधानी मस्कट से दिल्ली और मुंबई के लिए एक-एक नियमित उड़ानों की परिचालन करेगी।
एयर इंडिया की विशेष उड़ान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई से दिल्ली के लिए उपलब्ध होगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यूएई के ही अबू धाबी से दिल्ली, कोझिकोड़ और मुंबई के लिए, रस अल खैमा से अमृतसर, कोच्चि, कोझिकोड़ और मुंबई के लिए, शारजाह से कन्नूर के लिए और दुबई से दिल्ली के लिए विशेष उड़ानों की घोषणा की है।
इंडिगो ने 28 मार्च को मदीना, जेद्दा, अबू धाबी, मस्कट, शाहजाह, दुबई और रस अल खैमा से विभिन्न भारतीय शहरों के लिए कुल 27 उड़ानों की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित