नयी दिल्ली , फरवरी 28 -- कांग्रेस ने ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले और इसके जवाब में कई देशों पर ईरानी कार्रवाइयों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा विदेश मंत्रालय से पश्चिम एशिया में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर शनिवार को लिखा, "अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच तेज़ी से बढ़ता तनाव बेहद चिंताजनक है। पश्चिम एशिया में हर भारतीय नागरिक की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मैं भारत सरकार से आग्रह करता हूं कि वह हमारे लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल और सक्रिय कदम उठाए।"कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने भी यही मांग दोहराई और कहा कि ईरान में इज़राइल-अमेरिका की संयुक्त सैन्य कार्रवाई ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों में गहरी चिंता और आशंका पैदा कर दी है। केरल के साथ ही देश के कई अन्य राज्यों के नागरिक बड़ी संख्या में इन क्षेत्रों में काम कर रहे हैं और उनकी सुरक्षित वापसी जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित