थिम्पू , मार्च 22 -- पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण उड़ानों के रद्द होने और अग्रिम बुकिंग में कमी आने से हिमालयी देश भूटान के पर्यटन क्षेत्र में अप्रत्याशित मंदी आयी है। पर्यटन व्यवसाय में यह गिरावट उस मौसम आयी है, जिसमें आमतौर पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जाती है।

भूटान के राष्ट्रीय समाचार पत्र 'कुएनसेल' ने बताया कि टूर ऑपरेटरों ने इस साल फरवरी से मई के बीच 1,000 से अधिक पर्यटकों की बुकिंग रद्द होने की सूचना दी है। कुछ प्रतिष्ठानों को अक्टूबर-नवंबर के मुख्य महीनों के लिए भी बुकिंग रद्द होने की सूचना मिली हैं। इससे भूटान में इस उद्योग पर पड़ने वाले दीर्घकालिक प्रभाव को लेकर चिंताएं बढ़ गयी हैं, जहां पर्यटन अर्थव्यवस्था के मुख्य आधारों में से एक है।

पश्चिम एशिया से जुड़ी घटनाक्रमों से वैश्विक ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बीच भूटान की राष्ट्रीय विमानन सेवा 'ड्रुकएयर' ने 10 मार्च से अंतरराष्ट्रीय बुकिंग पर ईंधन अधिभार लागू कर दिया है। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि मानक प्रक्रिया के अनुरूप, मार्ग और ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव के आधार पर अधिभार समायोजित किया गया है।

'ड्रुकएयर' के अधिकारियों के अनुसार, 11 मार्च से दुबई मार्ग पर सरचार्ज में छह प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि गेलेफू की उड़ानों में आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गयी है। बैंकॉक मार्ग के लिए 12 मार्च से सरचार्ज में छह प्रतिशत, सिंगापुर के लिए 88 प्रतिशत और ढाका के लिए 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

अधिकारियों ने कहा कि कुल मिलाकर अधिकतर मार्गों पर ईंधन अधिभार में पांच प्रतिशत से नौ प्रतिशत के बीच वृद्धि देखी गयी है। सिंगापुर क्षेत्र में सबसे अधिक उछाल दर्ज किया गया, जहां इसमें 98 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई, इसके बाद ढाका में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित