मुंबई , सितंबर 08 -- पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और कच्चे तेल में तेजी से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन बिकवाली रही जिससे बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स लगभग तीन महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स 162 अंक की गिरावट में 75,970 अंक पर खुला और पूरे दिन लाल निशान में रहा। कारोबार की समाप्ति पर यह 555.23 अंक (0.73 प्रतिशत) उतरकर 75,577.58 अंक पर रहा।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 144.05 अंक यानी 0.61 प्रतिशत टूटकर 23,635.10 अंक पर आ गया। दोनों प्रमुख सूचकांकों का यह 12 जून के बाद का निचला स्तर है।

अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। इससे कच्चे तेल में तेजी रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल डेढ़ फीसदी से अधिक की बढ़त में 98.50 डॉलर प्रति बैरल के पार है। इससे विदेशी बाजारों के साथ घरेलू बाजारों में भी निवेश धारणा कमजोर हुई है।

प्रमुख सूचकांकों के विपरीत वृहत बाजार में अधिकांश सूचकांक हरे निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.23 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.17 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

एनएसई में जिन 3,648 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, उनमें से 1,833 के शेयरों में गिरावट और 1,710 में तेजी रही। अन्य 105 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेक्टर आधारित सूचकांकों में बैंकिंग, वित्त, तेल एवं गैस, सीमेंट, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और आईटी समूहों में बिकवाली हावी रही। मीडिया, ऑटो, एफएमसीजी, फार्मा, स्वास्थ्य और रसायन समूहों के सूचकांक हरे निशान में बंद हुए।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 21 के शेयर गिर गये। आईसीआईसीआई बैंक का शेयर दो प्रतिशत लुढ़क गया। एक्सिस बैंक में 1.72 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.23, कोटक महिंद्रा बैंक में 1.20, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.16, एचडीएफसी बैंक में 1.11, सन फार्मा में 0.98 और मारुति सुजुकी में 0.96 प्रतिशत की गिरावट रही। ट्रेंट, एशियन पेंट्स, एलएंडटी, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड और इंफोसिस के शेयर भी नीचे बंद हुए।

मुनाफा कमाने वालों में बीईएल का शेयर 1.48 प्रतिशत और अडानी पोर्ट्स का 1.06 प्रतिशत की बढ़त में रहा। हिंदुस्तान यूनीलिवर और इंडिगो के शेयर भी मजबूत बंद हुए।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.70 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.38 प्रतिशत टूट गया। चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.20 प्रतिशत की तेजी रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.03 प्रतिशत नीचे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित