नयी दिल्ली , जुलाई 17 -- विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से क्षेत्र में 14 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है और दो लापता हैं। मंत्रालय ने कहा है कि फारस की खाड़ी में अभी भी भारतीय ध्वज वाले सात जहाज मौजूद हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां मीडिया ब्रीफिंग में इस संबंध में पूछे गये सवालों के जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनके पास इस युद्ध के दौरान मारे गये भारतीय नाविकों की सटीक संख्या की जानकारी तो नहीं है लेकिन वह इतना बता सकते हैं कि इस युद्ध में अब तक 14 भारतीय नागरिक मारे गये हैं और दो लापता हैं।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि फारस की खाड़ी में अभी भी भारतीय ध्वज वाले सात जहाज हैं।

एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि फारस की खाड़ी की स्थिति को देखते हुए पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने नाविकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए होर्मुज़ जलडमरूमध्य और फारस की खाड़ी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में जाने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों की तैनाती रोकने के संबंध में परामर्श जारी किया है। उन्होंने कहा कि यह परामर्श पश्चिम एशिया की स्थिति के अस्थिर होने के मद्देनजर जारी किया गया है। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में भारतीय नाविक हैं और उनकी सुरक्षा तथा उन्हें खतरों के प्रति आगाह करना हमारा उत्तरदायित्व है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित