नयी दिल्ली , मार्च 06 -- पश्चिम एशिया में चल रहे भीषण सैन्य टकराव के बीच विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर ने शुक्रवार को यहां ईरान के विदेश उप मंत्री सईद खतिबजादेह से मुलाकात की।

दोनों नेताओं के बीच यहां रायसीना डायलॉग से इतर हुई इस मुलाकात को पश्चिम एशिया की तनावपूर्ण स्थिति के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इससे पहले डा. जयशंकर ने गुरुवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ भी टेलिफोन पर पश्चिम एशिया की स्थिति पर बातचीत की थी। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने भी यहां स्थित ईरान के दूतावास में जाकर ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की थीडा. जयशंकर और श्री खतिबजादेह की मुलाकात के बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया है लेकिन डा. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर मुलाकात की फोटाे साझा की है।

बाद में श्री खतिबजादेह ने भी संवाददाताओं के साथ बातचीत में मुलाकात की पुष्टि की।

उन्होंने ईरान के युद्धपोत पर अमेरिकी नौसेना के हमले को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया और कहा कि इस युद्धपोत पर हथियार नहीं थे।

उन्होंने अमेरिका और इजरायल पर आरोप लगाते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय नियमों का सरेआम उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान की ओर से भड़काने वाली कोई कार्रवाई नहीं की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित