रांची , फरवरी 18 -- झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के कलाईया गांव में मंगलवार रात करीब 9 बजे डायन-बिसाही के संदेह में 32 वर्षीय ज्योति सिंकू और उसके दो माह के नवजात को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया।
ज्योति के पति 40 वर्षीय कोल्हान सिंकू भी गंभीर रूप से झुलस गए, लेकिन किसी तरह जान बचाई। कोल्हान ने पुलिस को बताया कि वह दूसरी पत्नी ज्योति, दो साल के बेटे और नवजात के साथ सो रहे थे। रिश्ते में भांजा राशिका बिरुवा ने घर के बाहर पुकारा। बाहर आने पर गांव के एक दर्जन लोग आंगन में इकट्ठा थे, जिन्होंने ज्योति पर डायन होने का आरोप लगाते हंगामा मचाया।
कोल्हान ने सुबह पंचायत बुलाने का आग्रह किया, लेकिन भीड़ ने पेट्रोल का गैलन लाकर ज्योति, नवजात और उन पर छिड़क दिया। माचिस जलाई गई तो ज्योति-बच्चा आग के चपेट में आ गए। कोल्हान भागे, लेकिन थाने का दरवाजा बंद होने से रिश्तेदार के घर रुके।
बुधवार सुबह शिकायत पर पुलिस ने कोल्हान को अस्पताल भेजा। महिला-नवजात के शव पोस्टमार्टम को भेजे गए। प्रारंभिक जांच में एक ही परिवार के 10 लोग आरोपी पाए गए।
डीएसपी राफेल मुर्मू ने कहा कि गहन जांच चल रही है, दोषियों पर हत्या, हत्या प्रयास और डायन प्रतिषेध अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई होगी। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अंधविश्वास उन्मूलन के लिए जागरूकता अभियान की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित