नयी दिल्ली , जून 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा है कि मोदी सरकार के शासनकाल में पश्चिमी दिल्ली की तस्वीर बदल गयी है। बेहतर सम्पर्क, अवसंरचना विकास और जनसुविधाओं को नयी गति मिली है।

श्रीमती सहरावत ने मंगलवार को यहां मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने को लेकर संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। इस दौरान उन्होंने निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबे समय तक देश का नेतृत्व करने का रिकॉर्ड बनाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र को आधार बनाकर देश के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। गरीबों को पक्का मकान, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, बैंकिंग से जुड़ाव, गैस कनेक्शन, शौचालय, पेयजल और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को सीधा लाभ पहुंचाया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, मुद्रा योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने देश के विकास को नयी दिशा दी है। आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर उसकी भूमिका पहले से अधिक मजबूत हुई है।

श्रीमती सहरावत ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में पश्चिमी दिल्ली में भी केंद्र सरकार के प्रयासों से बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं। क्षेत्र में बेहतर सम्पर्क, सड़क और परिवहन सुविधाओं, मेट्रो विस्तार, अवसंरचना विकास और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया गया है।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी दिल्ली में द्वारका क्षेत्र के विकास, नयी अवसंरचना परियोजनाएं, सड़कों के सुधार, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार और केंद्र सरकार की योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ा है। दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार, प्रमुख सड़कों और एक्सप्रेसवे सम्पर्क में सुधार से पश्चिमी दिल्ली के लाखों लोगों को लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नेतृत्व में दिल्ली सहित पूरे देश में आधुनिक अवसंरचना का निर्माण तेजी से हुआ है। नए एक्सप्रेस वे, बेहतर सड़क नेटवर्क, रेलवे आधुनिकीकरण और डिजिटल सेवाओं ने आम नागरिकों के जीवन को आसान बनाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित