बेतिया , सितंबर 28 -- पश्चिमी चम्पारण जिले में नदियों के बढ़े जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है और जिले में अब तक 11,190 प्रभावित लोगों को चिह्नित किया गया है, जिनके लिए 14 सामुदायिक किचेन संचालित किए जा रहे हैं।
इस आपदा को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर जिलास्तर से लेकर अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
श्री सिंह के साथ उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा समेत अन्य वरीय पदाधिकारी प्रभावित इलाकों में पहुंचकर जलस्तर और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी ले रहे हैं।
इस दौरान प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री की उपलब्धता एवं वितरण, सामुदायिक किचेन के संचालन, सुरक्षित आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है।
प्रशासन की ओर से अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने और जरूरतमंद परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित