बेतिया, 23अप्रैल (वार्ता) बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार की रात लौरिया थाना क्षेत्र के बसवरिया गांव के समीप सड़क किनारे टहल रहे धनीलाल साह (66) को अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक धनीलाल साह बसवरिया पराऊ टोला के निवासी थे। बताया जाता है कि वे रोज की तरह रात में भोजन करने के बाद टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान घर से लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर बसवरिया चौक के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही लौरिया थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया गया है। गुरुवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित