बेतिया , अगस्त 15 -- 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को शहर के ऐतिहासिक बड़ा रमना मैदान में बिहार सरकार के अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण मंत्री सह पश्चिम चम्पारण के प्रभारी मंत्री लखेन्द्र पासवान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

झंडोत्तोलन के पूर्व प्रभारी मंत्री ने एसएसपी कुमार गौतम के साथ बिहार पुलिस, एनसीसी और स्काउट की संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। परेड में शामिल टुकड़ियों ने अनुशासन और देशभक्ति का प्रदर्शन करते हुए सलामी दी। समारोह में मौजूद लोगों ने देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताया।

श्री पासवान ने अपने संबोधन में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास, रोजगार और आधारभूत संरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित योजनाओं से लोगों को मिल रहे लाभ की जानकारी साझा की।

मुख्य समारोह में सांसद डॉ. संजय जायसवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, चम्पारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय, जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, एसएसपी कुमार गौतम, डीडीसी काजले नितीन वैभव समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में विभिन्न विभागों के कर्मियों, स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एवं आम लोगों की भी सहभागिता रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित