बेतिया , मई 22 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड संख्या-11 बनकट में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के मालही निवासी शंकर बारी के रूप में की गई है। युवक अपने ससुराल बनकट वार्ड-11 आया हुआ था। इसी दौरान गुरुवार को उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर चनपटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की।

मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

परिजनों का कहना है कि घटना सामान्य नहीं प्रतीत होती और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित