बेतिया , जुलाई 26 -- बिहार में सम्राट चोधरी के नेतृत्व में सरकार के सौ दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में बेतिया के बड़ा रमना स्थित गांधी सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान की प्रस्तुति के बाद अतिथियों का स्वागत किया गया।
इस समारोह के दौरान आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं के समूह गायन, असलम के सूफी गायन तथा जयमाला के ध्रुपद गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजती रही।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 38 कर्मियों एवं उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को साझा करने के साथ जिले के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों और उद्यमियों का सम्मान करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए पश्चिम चम्पारण को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी अधिकारियों, कर्मियों और जिलेवासियों को सेवा, संकल्प और समर्पण की भावना से कार्य करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित