बेतिया, मई 28 -- बिहार में पश्चिमी चम्पारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गयी है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मृतका की पहचान लौकरिया निवासी सागर साह की पत्नी दिपावली देवी (20) के रूप में की गई है। मृतका की मां पूनम देवी ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2024 में उनकी बेटी की शादी सागर साह से हुई थी। शादी में ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार सभी सामान दिए गए थे। दहेज में मोटरसाइकिल भी ईएमआई पर दी गई थी, जिसकी दो किस्तें बाकी थीं। किस्त की राशि देने में विलंब होने पर ससुराल वालों ने उनकी बेटी की हत्या कर दी। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग छह माह के बच्चे को लेकर फरार हैं।

पूनम देवी ने बताया कि गुरुवार की रात घटना की सूचना मिलने पर वह परिजनों के साथ बेटी के ससुराल पहुंचीं, जहां शव पड़ा हुआ था। इसके बाद मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित