बेतिया , जुलाई 23 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले की पुलिस ने मनुआपुल थाना क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी)कुमार गौतम ने गुरुवार को बताया कि आज सुबह मनुआपुल थाना क्षेत्र के श्रीनगर स्कूल के समीप एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मृतक की पहचान गोनाहा निवासी 23 वर्षीय युवक के रूप में की तथा मामले का शीघ्र खुलासा कर दिया।उन्होंने बताया कि इस मामले में शाहिद उर्फ शाहिद खान तथा मेनुद्दीन खान उर्फ मैनेदीन खान को गौनाहा वार्ड संख्या-7 से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनकी बहन से मृतक का प्रेम संबंध था। मृतक परिवार की इच्छा के विरुद्ध उनकी बहन पर शादी का दबाव बना रहा था, जिससे नाराज होकर दोनों ने उसकी हत्या कर दी।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार, खून लगा जींस पैंट तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मामले में मनुआपुल थाना कांड संख्या-128/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित