बेतिया, 23अप्रैल (वार्ता ) बिहार के पश्चिमी चम्पारण के सहोदरा थाना क्षेत्र के सुपौली गांव में पटना जिला बल में कार्यरत महिला सिपाही संकेशी कुमारी की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने गुरुवार को उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले में परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक के बड़े भाई दिनेश कुमार ने बताया कि 7 मार्च 2025 को संकेशी ने पारिवारिक सहमति से प्रेम विवाह किया था। उन्होंने बताया कि संकेशी अपनी छोटी बहन मंगीता कुमारी की शादी में शामिल होने के लिए वह 21 अप्रैल को मायके आई थी और अगले दिन सुबह वह अपने ससुराल चली गई। उसी दिन शाम करीब 7 बजे उसके भाई दिनेश कुमार के मोबाइल पर सूचना मिली कि उसने आत्महत्या कर ली है।

सूचना मिलते ही मायके वाले आनन फानन में संकेशी के ससुराल पहुंचे, तो देखें कि शंकेशी का शव जमीन पर पड़ा था। शंकेशी के भाई ने आरोप लगाया है कि शव पर गला दबाने के स्पष्ट निशान हैं।

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के पति सुजीत कुमार को हिरासत में ले लिया है, वहीं ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित