बेतिया , जुलाई 24 -- िहार में पश्चिम चम्पारण जिले के बेतिया नगर स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत ममता कुमारी की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित विपिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि चनपटिया निवासी आरोपित विपिन कुमार को गुरूवार की देर रात स्टेशन चौक से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ममता और विपिन के बीच प्रेम संबंध था। ममता शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे छुटकारा पाने के उद्देश्य से आरोपित ने उसकी हत्या कर दी। आरोपित नेपाल भागने की फिराक में था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। घटना में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध साक्ष्य मिलने पर विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को अस्पताल की ऊपरी मंजिल से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शेखौना मठ पटवारी टोला निवासी ममता कुमारी का शव बरामद हुआ था। शव बेड और दीवार के बीच फर्श पर पड़ा मिला था तथा उसे गद्दे से ढक दिया गया था। मृतका की बहन ने उसकी तलाश के दौरान शव देखा था। मंगलवार को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मेडिकल बोर्ड की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित