बेतिया , जुलाई 23 -- बिहार में पश्चिम चम्पारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने गुरुवार को मझौलिया प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य उपकेन्द्र, प्रखंड कार्यालय तथा अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर जनसेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन करने के निर्देश दिये। जिला पदाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य उपकेन्द्र में ओपीडी, लैब, दवा वितरण केन्द्र, चिकित्सक कक्ष, प्रसव वार्ड, प्रसव पूर्व जांच केन्द्र तथा भर्ती मरीजों के वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही संस्थागत प्रसव एवं गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।इसके बाद उन्होंने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की। आरटीपीएस काउंटर पर प्राप्त आवेदनों, लंबित मामलों और उनके निष्पादन की स्थिति की जानकारी लेते हुए अंचलाधिकारी को सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

जिला पदाधिकारी ने परिमार्जन, दाखिल-खारिज तथा अन्य राजस्व मामलों की भी समीक्षा की और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और लोक सेवाओं का लाभ आमजन तक पारदर्शी एवं सुगम तरीके से पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, अंचलाधिकारी डौली कुमारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित