बेतिया , अक्टूबर 12 -- भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने कपड़े के 58 बंडल जब्त किये हैं। मौके से सामान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गयी है। यह कार्रवाई 11 अक्टूबर की देर रात परसौनी गांव के समीप की गयी।
एसएसबी की 44वीं वाहिनी, नरकटियागंज के डी-समवाय भिखनाठोरी के कार्यक्षेत्र में सूचना के आधार पर संयुक्त नाका लगाया गया था।इस दौरान उप सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) समरजीत दास के नेतृत्व में एसएसबी जवानों और बिहार पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। इसी क्रम में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की गयी, जिसमें कपड़े के 58 बंडल लदे मिले।मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गयी।
एसएसबी सूत्रों के अनुसार, कपड़ों को भारत से नेपाल ले जाकर बेचने की तैयारी थी। मामले में तस्करी की आशंका जतायी गयी है। घटनास्थल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 433 से करीब पांच किलोमीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर स्थित है।कार्रवाई के बाद कपड़े के सभी बंडलों, ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए कस्टम कार्यालय, बेतिया को सौंप दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित