बेतिया, 19सितम्बर(वार्ता)भारत-नेपाल सीमा पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, तस्करी की रोकथाम एवं प्रभावी निगरानी को लेकर जिला पदाधिकारी (डीएम) तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक हुई। बैठक में सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा की गयी।
इस दौरान एनकॉर्ड से संबंधित जिला स्तरीय समिति की बैठक भी हुई।इसमें मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर रोक, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा नशीले पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित पदाधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्य करें। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए तस्करी के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाये।उन्होंने संवेदनशील मार्गों, चेक पोस्ट एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित सघन जांच अभियान चलाने तथा सूचना तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया।साथ ही सूखा नशा समेत अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के स्रोतों की पहचान कर तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा। स्कूल-कॉलेजों एवं युवाओं के बीच नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा समेत प्रशासनिक, पुलिस एवं सीमा सुरक्षा से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित