बेतिया , जून 17 -- बिहार में पश्चिम चंपारण मुख्यालय बेतिया में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति शुरू हो गई है। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने सफल गैस चार्जिंग के बाद शहर के घरेलू उपभोक्ताओं को पाइपलाइन के माध्यम से प्राकृतिक गैस उपलब्ध करानी शुरू कर दी है।बीपीसीएल के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि बिहार-2 भौगोलिक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज एवं सीवान जिलों में सिटी गैस वितरण परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 जून को बेतिया में पहली बार गैस चार्जिंग कर घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी आपूर्ति की शुरुआत की गई।उन्होंने बताया कि बेतिया शहर में अब तक करीब 1400 से 1500 घरों को पीएनजी कनेक्शन दिया जा चुका है। प्रारंभिक चरण में नौ घरों में नियमित गैस आपूर्ति शुरू की गई है तथा आने वाले दिनों में अन्य उपभोक्ताओं को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।

अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि गोरखपुर स्थित सिटी गैस स्टेशन (सीजीएस) से बिहार तक मुख्य गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है। सड़क चौड़ीकरण, नदी पार कराने तथा वन विभाग से संबंधित स्वीकृतियों जैसी चुनौतियों के कारण परियोजना में समय लगा, लेकिन उपभोक्ताओं को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीपीसीएल ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश से गैस कैस्केड के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई और बेतिया में डिस्ट्रिक्ट रेगुलेटिंग स्टेशन (डीआरएस) चालू कर आपूर्ति शुरू कर दी।

बीपीसीएल अधिकारियों के अनुसार कंपनी का लक्ष्य अगले एक माह के भीतर एक हजार से अधिक घरों में नियमित पीएनजी आपूर्ति शुरू करना है। नेटवर्क विस्तार के साथ उपभोक्ताओं की संख्या में लगातार वृद्धि होगी।

पीएनजी आपूर्ति शुरू होने से उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी एवं भंडारण संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। साथ ही यह ईंधन एलपीजी की तुलना में अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल माना जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित