बेतिया , अक्टूबर 21 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में बुधवार को पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।बेतिया पुलिस केंद्र स्थित शहीद स्मारक पर चंपारण रेंज के डीआइजी हर किशोर राय और पश्चिम चंपारण के एसएसपी कुमार गौतम ने माल्यार्पण कर वीर जवानों को नमन किया। वहीं, नरकटियागंज स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 44वीं वाहिनी के प्रांगण में कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के नेतृत्व में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बेतिया पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश व समाज की सुरक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया। इस दौरान मौजूद पुलिस उपाधीक्षकों समेत अन्य पदाधिकारियों और जवानों ने शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए कानून -व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

एसएसबी की 44वीं वाहिनी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने पिछले एक वर्ष में शहीद हुए पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों के नाम पढ़कर सुनाए। इसके बाद अधिकारियों और जवानों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शहीदों की स्मृति में मौन धारण किया।

कमांडेंट ने बताया कि पुलिस संस्मरण दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसका इतिहास वर्ष 1959 से जुड़ा है। उस दिन लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सेना के हमले में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हो गए थे। उनके बलिदान की स्मृति में जनवरी 1960 में आयोजित पुलिस महानिरीक्षकों के वार्षिक सम्मेलन में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस संस्मरण दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। इस वर्ष इसकी 67वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है।

कार्यक्रम में एसएसबी के उप कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार, मो. हसनैन खान, सहायक कमांडेंट एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुंदन जायसवाल, सहायक कमांडेंट (संचार) रियाज पी. सहित अन्य अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से शहीदों के त्याग, समर्पण और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा को याद करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित