बेतिया , सितम्बर 26 -- ेपाल में लगातार हो रही बारिश के बीच गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने पश्चिम चंपारण में एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। शनिवार सुबह नेपाल के देवघाट में गंडक का प्रवाह करीब 3.50 लाख क्यूसेक पहुंचने की सूचना है। वहीं, वाल्मीकिनगर गंडक बराज पर पानी का डिस्चार्ज भी 2.80 लाख क्यूसेक के पार पहुंच गया है। तेजी से बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए गंडक नदी के तटवर्ती इलाकों में प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है।

शनिवार सुबह करीब 8.48 बजे देवघाट में गंडक का प्रवाह 3.50 लाख क्यूसेक तक पहुंचने की सूचना के बाद विभागीय टीमें अलर्ट हो गयीं।वाल्मीकिनगर गंडक बराज समेत तटबंधों और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी तेज कर दी गयी है।

नेपाल में बारिश का सिलसिला जारी रहने पर आने वाले घंटों में पश्चिम चंपारण में गंडक का दबाव और बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। इसी क्रम में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया एवं सहायक अभियंता, जल निःसरण के साथ बैरिया प्रखंड स्थित पीडी रिंग बांध के 1.5 किलोमीटर तथा नौतन प्रखंड स्थित चंपारण तटबंध के 57.75 किलोमीटर क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने तटबंधों की स्थिति, जलस्तर एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित