बेतिया , अगस्त 24 -- जिलाधिकारी (डीएम) सह जिला निबंधक तरनजोत सिंह ने सोमवार को जिला निबंधन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान मुख्तारखाना में अवैध रूप से जमीन निबंधन के कार्य में संलिप्त तीन को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिये गये लोगों की पहचान बैरिया के धर्मेंद्र चौधरी, राकेश शर्मा और लौरिया के लड्डू कुमार के रूप में बतायी गयी है।

डीएम ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आमलोगों के कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर बिचौलिया संस्कृति को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने सदर एसडीएम विकास कुमार और सदर एसडीपीओ अजीत कुमार को निबंधन कार्यालय का नियमित भ्रमण एवं औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में किसी अनधिकृत व्यक्ति या दलाल की मौजूदगी मिलने पर तत्काल सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई करने की हिदायत दी।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान सभी काउंटर, प्रतीक्षालय और अभिलेख कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने निबंधन कार्यालय में मौजूद सेवा प्रदाताओं और आमलोगों से बातचीत कर सुविधाओं तथा पेपरलेस निबंधन में आ रही संभावित परेशानियों की जानकारी ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित