बेतिया, 05अक्टूबर (वार्ता ) पश्चिमी चम्पारण समाहरणालय परिसर में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी (डीएम) तरनजोत सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों की 71 शिकायतें सुनीं।
जिलाधिकारी ने इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के बाद डीएम ने योगापट्टी अंचल में बाढ़ के पानी में डूबने से जान गंवाने वाले तीन लोगों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक भी प्रदान किया।
पिचके दिनों बाढ़ में डूबने से शंकर राम की 29 सितंबर, किशन कुमार की एक अक्टूबर और प्रभात कुमार की तीन अक्टूबर को मौत हुई थी। डीएम ने मृतकों के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जाएगी।
अपर समाहर्ता सह जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि चक्रीय निधि से नियमानुसार प्रत्येक मृतक के आश्रित को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी गयी है।
वहीं जनसुनवाई में आरती देवी, रामाशंकर दास, राघव प्रसाद, पप्पू कुमार, वीरेन्द्र चौधरी, चितरंजन सिंह, विक्रम साह, जायदा खातून, रूबी कुमारी और बृजेश यादव समेत अन्य फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इनमें राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, पेयजल, सड़क और सड़क मरम्मत से संबंधित शिकायतें प्रमुख थीं।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित