बेतिया , जुलाई 04 -- बिहार में पश्चिम चंपारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा छावनी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) एवं राष्ट्रीय उच्च पथ पर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी ने राष्ट्रीय उच्च पथ पर अतिक्रमण हटाने, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय उच्च पथ को सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश देते हुए कहा कि पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने राष्ट्रीय उच्च पथ पर व्हाइट लाइन मार्किंग, आवश्यक यातायात संकेतक (साइनेज) लगाने तथा सड़क सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन कराने के भी निर्देश दिये।
बैठक में छावनी ओवरब्रिज के नीचे पेवर ब्लॉक लगाने, राष्ट्रीय उच्च पथ पर नियमित पेट्रोलिंग, ट्रॉली एवं बैरियर की स्थापना तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा के आवश्यक उपाय शीघ्र लागू करने पर भी चर्चा हुई।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, जिससे आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) सुजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बेतिया सदर विकास कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), जिला परिवहन पदाधिकारी रितु रानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित