बेतिया , अगस्त 01 -- बिहार के पश्चिम चम्पारण जिले के एमजेके कॉलेज परिसर में शनिवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने छात्र हितों से जुड़ी तीन प्रमुख मांगों को लेकर सारण स्नातक क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव को ज्ञापन सौंपा और इन मुद्दों को विधान परिषद में उठाने का आग्रह किया।एनएसयूआई नगर अध्यक्ष एवं एमजेके कॉलेज के छात्र सिद्धार्थ शुक्ला के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कॉलेज में बीबीए एवं बीबीसीए पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया पुनः शुरू करने, सत्र 2026-30 के स्नातक पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या बढ़ाने तथा छात्र संघ की बहाली की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपते हुए सिद्धार्थ शुक्ला ने कहा कि छात्र लंबे समय से इन मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने विधान परिषद सदस्य से छात्र हितों के इन मुद्दों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र हितों से जुड़े इन विषयों को उचित मंच पर उठाने का प्रयास करेंगे तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एनएसयूआई के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित थे ।
संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार छात्र हित में सकारात्मक निर्णय लेकर लंबित मांगों को पूरा करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित