बेतिया , अगस्त 24 -- बिहार में पश्चिमी चम्पारण के शिकारपुर थाना अंतर्गत नरकटियागंज में निगरानी विभाग की टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए दरोगा उपेंद्र विद्यार्थी को चार हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
दरोगा पर हरदी टेढ़ा निवासी अमृत कुमार से केस में मदद के नाम पर चार हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, दरोगा उपेंद्र विद्यार्थी ने अमृत कुमार से केस में मदद के नाम पर चार हजार रुपये की मांग की थी। इसके बाद अमृत कुमार ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की।
शिकायत मिलने पर विभाग की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत सही पाए जाने के बाद निगरानी विभाग ने कार्रवाई की योजना तैयार की।
निर्धारित योजना के तहत अमृत कुमार को रिश्वत की रकम देने के लिए कहा गया। नरकटियागंज हाईस्कूल चौक के पास आज जैसे ही अमृत कुमार ने दरोगा उपेंद्र विद्यार्थी को चार हजार रुपये दिए, पहले से तैनात निगरानी विभाग की टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम दरोगा को अपने साथ ले गयी। मामले में निगरानी विभाग की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित