बेतिया , मई 29 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कथित गोमांस बिक्री एवं परिवहन मामले का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरूवार की देर रात सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के खैरवा वार्ड संख्या-1 स्थित महोदीपुर में फैयाज आलम अंसारी के बथान पर गोवंशीय पशु का मांस बिक्री एवं परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में अंचलाधिकारी इस कार्रवाई में मझौलिया, पशु चिकित्सक एवं एफएसएल टीम को भी शामिल किया।
सूत्रों ने बताया कि गठित टीम ने खैरवा वार्ड संख्या-1 स्थित बथान पर छापेमारी की, जहां से काले रंग की गाय के मांस के विभिन्न टुकड़े बरामद किये गये। बरामद मांस को एफएसएल टीम और पशु चिकित्सक की मौजूदगी में विधिवत जब्त किया गया। मौके से तीन पुरुष एवं एक महिला समेत कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद मेराज आलम (19), नसीमा खातून (45), मोबारक अंसारी (54) तथा फैयाज आलम अंसारी (46) के रूप में की गयी है। सभी खैरवा वार्ड संख्या-1 थाना मझौलिया, जिला पश्चिम चंपारण के निवासी हैं।
इस संबंध में मझौलिया थाना कांड संख्या 475/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-अजीत कुमार , थानाध्यक्ष अमर कुमार, अपर थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, अंचल अधिकारी राजीव रंजन, पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनीश कुमार, अनुज कुमार, अनुराधा कुमारी, एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित