बेतिया , जून 30 -- िहार के पश्चिमी चम्पारण जिले के बेतिया शहर स्थित कालीबाग थाना क्षेत्र में कालीबाग मंदिर परिसर के पोखर से मंगलवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया है।पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह स्थानीय लोगों ने पोखर में एक युवक का शव तैरता देखा, जिसके बाद इसकी सूचना कालीबाग थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकलवाया।
सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंची विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम ने जांच के दौरान मंदिर के मुख्य द्वार के पास खड़ी एक साइकिल बरामद की, जिस पर एक बैग बंधा हुआ था। बैग की तलाशी लेने पर उसमें कपड़े और एक मोबाइल चार्जर मिला। हालांकि, बरामद सामान के आधार पर भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक किस क्षेत्र का रहने वाला था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित