बेतिया,07 जुलाई (वार्ता)बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटाड़ क्षेत्र में एक आपराधिक मामले के अभियुक्त जहांगीर शेख को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम के साथ कथित दुर्व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिला क्यूआरटी टीम और पुरुषोत्तमपुर थाना पुलिस मंगलवार को छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस को देखते ही जहांगीर शेख भागकर अपने घर पहुंच गया और अफरा-तफरी के बीच फरार हो गया। उसके परिजनों ने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद कई थानों की अतिरिक्त पुलिस बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत ने बताया कि अभियुक्त के घर से एक देशी कट्टा बरामद किया गया है। साथ ही 10 मवेशी, तीन पिकअप, एक बोलेरो और एक कार जब्त की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस उपाधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस से दुर्व्यवहार करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित