बेतिया , जून 24 -- ्रामीण विकास में जनसहभागिता बढ़ाने और महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज की अवधारणा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अब राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को 'पंचायत विकास दिवस' का आयोजन किया जाएगा।जिला जनसंपर्क कार्यालय, पश्चिम चम्पारण की ओर से बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय संविधान के 73वें संशोधन के तहत पंचायती राज संस्थाओं को दिए गए अधिकारों एवं दायित्वों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों की विकास प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए यह पहल की गई है। कार्यक्रम प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि ग्राम पंचायत ग्रामीणों के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास का प्रमुख मंच है। पंचायत विकास दिवस के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम सभा सदस्यों, महिलाओं, युवाओं तथा अन्य हितधारकों के बीच संवाद स्थापित कर वर्ष 2030 तक निर्धारित सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की प्राप्ति की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण भी कराया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों को आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।

इस अवसर पर ग्राम सभा के सभी सदस्यों के साथ-साथ संबंधित लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा एवं विधान परिषद के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। जीविका दीदी, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्थानीय हितधारकों को भी कार्यक्रम में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

पंचायत विकास दिवस का आयोजन पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन, विद्यालय, सामुदायिक भवन अथवा अन्य उपयुक्त सार्वजनिक स्थलों पर किया जाएगा, जहां सभी वर्गों के लोगों के लिए बैठने, पेयजल, रोशनी एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था उपलब्ध हो।

बैठक में पिछले माह लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी। साथ ही इ-ग्राम स्वराज पोर्टल , इ-पंचायत एवं अन्य पोर्टलों पर दर्ज योजनाओं की जानकारी, पंचायत द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति, आगामी योजनाओं तथा पंचायत को प्राप्त एवं व्यय की गई राशि का ब्यौरा भी ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

विज्ञप्ति के अनुसार, पंचायत की आय के स्रोत बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को और अधिक गति मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित