बेतिया , अप्रैल 24 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से पुलिस ने जाली करेंसी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नरकटियागंज जयप्रकाश सिंह के निर्देश पर कंगली थाना क्षेत्र के भेड़िहरवा स्थित त्रिवेणी घोड़ासहन पुल के समीप छापेमारी की गई। इस दौरान बाइक सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने पीछाकर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक अन्य अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।

सूत्रों ने बताया कि पकड़े गये लोगों की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के दरपा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखलहिया गांव निवासी ज्वाला सिंह और सचिन कुमार के रूप में की गई है। वहीं फरार आरोपी दिलीप कुमार, दरपा थाना क्षेत्र के तीनकोनी का निवासी है।तलाशी के दौरान ज्वाला सिंह के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक कारतूस तथा प्लास्टिक के झोले से जाली नोट बनाने वाला संदिग्ध कागज बरामद किया गया है। सीमा क्षेत्र में पहली बार इस तरह का संदिग्ध कागज बरामद हुआ है, जिससे आशंका है कि यह गिरोह जाली नोट की आपूर्ति के साथ-साथ उसके निर्माण की तैयारी में भी था। बरामद सामग्री की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस मामले में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित