बेतिया , जून 17 -- बिहार में पश्चिमी चम्पारण के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) बेतिया में बुधवार को एक प्रसूता की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार परिजनों ने चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही, मारपीट तथा मरीज के पति को बंधक बनाने का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के सुखलही मथुरा गांव निवासी पिंटू दुबे की पत्नी आरती कुमारी (30) के रूप में हुई है। मृतका की मां उषा देवी ने बताया कि आरती को दूसरी संतान के प्रसव के लिए 13 जून को जीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। बुधवार को उसने मृत बच्चे को जन्म दिया। परिजनों के अनुसार प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन चिकित्सकों ने समय पर ध्यान नहीं दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतका के पति पिंटू दुबे ने आरोप लगाया कि इलाज में कोताही का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया।
इस बीच घटना की सूचना पर पुलिस और क्विक एक्शन टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित