बेतिया, मई 23 -- बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले के बेतिया शहर स्थित अस्पताल रोड में शनिवार को अतिक्रमण हटाने गई प्रशासनिक टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया, जिससे एक महिला सिपाही समेत दो लोग घायल गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नगर प्रशासन की टीम अस्पताल रोड में अतिक्रमण हटाने का अभियान चला रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक टीम पर हमला कर दिया।
इस घटना में महिला सिपाही खुशबू कुमारी और नगर निगम के धारी प्रभारी जुलुम साह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जीएमसीएच में भर्ती कराया जा रहा है।घटना की सूचना मिलने पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार औरअनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है तथा उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित