बेतिया , फरवरी 22 -- बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले के योगापट्टी थाना क्षेत्र के फतेहपुर चौक पर रविवार की अहले सुबह सड़क हादसे में 50 वर्षीय फल विक्रेता विश्वनाथ साह की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेतिया की ओर से तेज रफ्तार से आ रही अज्ञात पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।

श्री साह मंदिर के पास फल बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी प्रभावती देवी और चार बच्चे हैं। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित