बेतिया , अप्रैल 25 -- बिहार में पश्चिमी चम्पारण जिले के बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर जिनवलिया के समीप पिछली रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी बृजेश राम के पुत्र सूर्य प्रकाश के रूप में की गई है, जो भीम आर्मी के लौरिया प्रखंड अध्यक्ष बताए जाते हैं। घटना में घायल युवक की पहचान प्रदीप राम के रूप में हुई है, जिसका इलाज स्थानीय जीएमसीएच में चल रहा है। दोनों युवक एक ही गांव के निवासी और आपस में दोस्त बताए जाते हैं।

परिजनों के अनुसार, सूर्य प्रकाश शुक्रवार को नौतन में आयोजित एक सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे और वहीं से लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर परिजन जीएमसीएच पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित