बेतिया , मई 15 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंधन बचत के आह्वान के समर्थन में लौरिया के विधायक तथा भोजपुरी फिल्मों के मशहूर गीतकार विनय बिहारी ने शुक्रवार को निजी वाहन के बजाय वंदे भारत एक्सप्रेस से बेतिया से पटना की यात्रा की।

श्री बिहारी ने यात्रा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनता से ईंधन बचत और स्वच्छ पर्यावरण का आह्वान जनभागीदारी से ही सफल हो सकता है। उन्होंने कहा कि रेल यात्रा समय की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक प्रभावी माध्यम है।

विधायक ने कहा कि सड़क पर वाहनों की संख्या कम होने से ईंधन की खपत घटती है तथा प्रदूषण में भी कमी आती है। देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।

श्री बिहारी ने लोगों से अधिकाधिक रेल यात्रा अपनाने की अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास बड़े बदलाव का आधार बनते हैं। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया।

विधयक ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण को अपनी आदत बना ले, तो देश ऊर्जा आत्मनिर्भरता और स्वच्छ पर्यावरण के लक्ष्य को शीघ्र हासिल कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित