बेतिया , जून 07 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 1 क्विंटल 15 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

इस मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार हो गया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर भागने लगा, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान बोलेरो से 1 क्विंटल 15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

गोपालपुर थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने बताया कि मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार चालक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के टेंगरहिया निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है। वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया।

श्री कुमार ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित