बेतिया , अप्रैल 25 -- बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले के गंडक दियारा क्षेत्र में पुलिस ने घोड़े पर लदी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दियारा क्षेत्र में घोड़ों के माध्यम से शराब तस्करी की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को घोड़े और बड़ी मात्र में शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि उत्तर प्रदेश से बिहार के नौतन क्षेत्र में शराब की खेप लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर इलाके में घेराबंदी की गई। छापेमारी के दौरान घोड़े पर लदी 21 लीटर विदेशी शराब के साथ बन्हौरा निवासी रवि कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इसी अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 69 लीटर विदेशी शराब भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, दियारा क्षेत्र में घोड़ों के जरिए शराब तस्करी का यह तरीका लगातार सामने आ रहा है। अब तक इस तरह की कार्रवाई में तीन घोड़े जब्त किए जा चुके हैं। इस धंधे में शामिल अन्य तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित