बेतिया , जुलाई 30 -- तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन तथा राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा है कि लंबित मामलों के निपटारे में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
श्री सिंह ने नीलाम पत्र पदाधिकारियों को सप्ताह में कम-से-कम तीन दिन नियमित रूप से कोर्ट कार्य करने तथा प्रत्येक माह न्यूनतम 50 नीलाम पत्र वादों के निष्पादन का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त ने कहा कि बड़े एवं पुराने बकायेदारों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया जाए तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर राजस्व वसूली में अपेक्षित तेजी लाई जाए।
श्री सिंह ने लंबित वारंटों के शीघ्र निष्पादन के लिए पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित करने, कोर्ट फी, तलवाना राशि, बॉडी वारंट के अनुपालन तथा वारंटों के निष्पादन की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि राजस्व वसूली प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने बैठक में इस बात के लिए आश्वस्त किया कि आयुक्त के सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा लंबित नीलाम पत्र वादों के निष्पादन और राजस्व वसूली की नियमित समीक्षा की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित