बेतिया , फरवरी 20 -- चंपारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हरकिशोर राय के निर्देश पर मोतिहारी, बेतिया और बगहा में चलाये गये दो दिवसीय समकालीन विशेष अभियान के दौरान 711 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में 375 कांडों के अभियुक्त तथा 336 वारंटी शामिल हैं। इनमें से 622 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जिनमें 339 कांडों के आरोपी और 283 वारंटी हैं।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ एवं आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। इस दौरान 110.13 किलोग्राम गांजा, 64 पीस डोडा, 23 चिलम, 1270.4 लीटर देसी शराब, 268.9 लीटर विदेशी शराब, 5.63 ग्राम ब्राउन शुगर, चार बोतल नशीला सिरप, 50 अल्प्राजोलम टैबलेट, एक देसी कट्टा ,एक देसी पिस्तौल, सात कारतूस, 12 चोरी की बाइक, दो मोबाइल फोन, एक मोटर एवं 7,54,370 रूपया बरामद किया गया है।

डीआईजी ने बताया कि अपराध नियंत्रण, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित