बेतिया , मई 14 -- पश्चिम चंपारण जिले में मद्य निषेध उत्पाद विभाग ने बुधवार को ड्रोन एवं डॉग स्क्वायड की सहायता से विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाकर 19 लोगों को गिरफ्तार किया तथा भारी मात्रा में शराब एवं शराब बनाने के सामग्री को नष्ट किया।
उत्पाद अधीक्षक सीमा चौरसिया ने बताया कि विभाग की अलग-अलग टीमों ने शिकारपुर थाना क्षेत्र के भसुरारी, नरकटियागंज पुरानी बाजार तथा बगहा पुलिस जिला अंतर्गत लौकरिया थाना क्षेत्र के गोबरहिया जंगल समेत कई इलाकों में छापेमारी की। अभियान के दौरान शराब निर्माण के लिए रखे गए करीब 3980 किलोग्राम जावा एवं गुड़ के घोल तथा 296 लीटर चुलाई शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
सुश्री चौरसिया ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बैरिया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मनसा दुबे पटखौली निवासी प्रमोद यादव को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 45 पैकेट बंटी बबली एवं 48 पैकेट 8 पीएम टेट्रा पैक विदेशी शराब बरामद की गई।
इसी क्रम में नौतन थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान 180 एमएल की 224 बोतल 8 पीएम स्पेशल ब्लेंडर शराब जब्त की गई। वहीं बगहा पुलिस जिला के मदनपुर ढाला के समीप वाहन जांच के दौरान बाइक सवार दो व्यक्तियों को एक लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिला अंतर्गत खड्डा थाना क्षेत्र के मदनपुर सुकरौली निवासी रामचंद्र एवं संदीप कुमार के रूप में हुई है।
इसके अलावा डुमरिया चौक के समीप वाहन जांच के दौरान पिपरहिया वार्ड संख्या 13 निवासी मुकेश चौधरी एवं सुकट चौधरी को 10 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी अभियान में अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार, नीरज कुमार, खुशबू कुमारी, रौशन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक ब्रजकिशोर ठाकुर, बुद्धन कुमार, गौतम कुमार, सुटन पंडित, रंजीत कुमार समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित