बेतिया , जुलाई 7 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के मनुआपुल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पिता और उनकी मासूम पुत्री की मौत हो गई, जबकि दूसरी पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि गुरुवलिया शिवाला टोला निवासी निकेश कुमार (25) सोमवार रात अपने पिता को खाना देकर दोनों पुत्रियों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मनुआपुल-गुरुवलिया सड़क पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में निकेश कुमार और उनकी साढ़े तीन वर्षीय पुत्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय दूसरी पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित