बेतिया, अप्रैल 18 -- बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि फुलियाखांड़ मच्छरगांवा के बैरा टोला में शुक्रवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान छबिला यादव के पुत्र राधेश्याम यादव (25)के रुप में की गयी हैसूत्रों ने बताया कि राधेश्याम, शाम को घर के पास मच्छरगांवां चौक पर कुछ युवकों से हाथापाई में उलझ गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर शांत कराया और उसे घर जाने की सलाह दी। जैसे ही राधेश्याम अपने घर के दरवाजे पर पहुंचा, अचानक चार-पांच बाइकों पर सवार 15 से 20 युवक वहां पहुंच गए। उन्होंने राधेश्याम को चाकू मारकर घायल कर दिया। परिजन घायल राधेश्याम को इलाज के लिए अस्पताल ले गये,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रजनीश कुमार प्रियदर्शी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की छेड़खानी को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीन अभियुक्तों संतपुर निवासी रोहित कुमार खैरा टोला निवासी बबलू कुमार समेत तीन को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस बीच हत्याकांड के विरोध में आक्रोशितों ने शव को मच्छरगांवा चौक पर रखकर आरोपी युवकों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा- बुझाकर जाम को समाप्त करावाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित