बेतिया , मई 30 -- बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया नगर निगम में शनिवार को बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला, जब निगम की महत्वपूर्ण सशक्त स्थाई समिति के चुनाव में विपक्षी खेमे ने सभी सात सीटों पर जीत दर्ज की और मेयर समर्थक गुट का पूरी तरह सफाया हो गया।
जिला परिषद सभागार में संपन्न चुनाव में नगर निगम के 46 वार्ड पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद घोषित परिणाम में विपक्ष समर्थित सहमत अली (वार्ड-3), कुणाल सर्राफ (वार्ड-8), सविता देवी (वार्ड-18), राजकुमार (वार्ड-23), रूबी सिंह (वार्ड-25), ऋतुल प्रिया (वार्ड-33) तथा मुन्ना कुमार (वार्ड-36) विजयी घोषित किए गए।
वहीं मेयर गरिमा देवी सिकारिया समर्थित उम्मीदवार जावेद आलम (वार्ड-1), गुड़िया देवी (वार्ड-5), मनोज कुमार (वार्ड-7), अफरीना खातून (वार्ड-15), रोहित कुमार सिकारिया (वार्ड-17), दीपक कुमार (वार्ड-20) तथा शैलेश कुमार (वार्ड-37) को पराजय का सामना करना पड़ा। चुनाव में मेयर के पति रोहित कुमार सिकारिया की हार विशेष रूप से चर्चा का विषय रही।
उल्लेखनीय है कि सशक्त स्थाई समिति नगर निगम की सबसे प्रभावशाली समिति मानी जाती है। निगम के वित्तीय, प्रशासनिक तथा विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों और योजनाओं पर समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में समिति की सभी सात सीटों पर विपक्ष के कब्जे को नगर निगम की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित