बेतिया , जून 08 -- िहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में मरीजों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने सोमवार को शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों का फायर ऑडिट किया। इस दौरान दो अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों से जुड़ी गंभीर खामियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया है।
अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने किया। टीम में जिला अग्निशमन पदाधिकारी, होमगार्ड समादेष्टा तथा नगर निगम के अधिकारी शामिल थे। संयुक्त टीम ने छह निजी अस्पतालों का निरीक्षण कर अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपकरणों की स्थिति सहित सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच की।
निरीक्षण के दौरान आस्था हॉस्पिटल और ग्रेट हॉस्पिटल में कई गंभीर कमियां पाई गईं। इसके बाद दोनों अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर नोटिस का संतोषजनक जवाब और सुधार रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जाती है, तो संबंधित अस्पतालों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अस्पतालों को सील करने तक की कार्रवाई भी की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित