बेतिया , अगस्त 7 -- पश्चिम चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इनरवा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 31 किलो 250 ग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

इस कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त नेपाली नंबर की एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पश्चिम चंपारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने शुक्रवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से गांजे की एक बड़ी खेप इनरवा के रास्ते भारतीय सीमा में लाई जा रही है। सूचना के आधार पर इनरवा थानाध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भारत-नेपाल सीमा के पिलर संख्या 419 के समीप इनरवा बाजार स्थित हनुमान गली में नाकेबंदी की।

श्री गौतम ने बताया कि इसी दौरान नेपाली नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक भारतीय सीमा में प्रवेश करते दिखाई दिए। पुलिस में उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों आरोपी बाइक पर लदी गांजे की मोटरी फेंककर भागने लगे। इसके बाद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के बस्ठा गांव निवासी साहेब कुमार तथा नेपाल के महूवन गांव निवासी सोबरन साह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 31 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद किया गया। तस्करी में प्रयुक्त नेपाली नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

श्री गौतम ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित